धमतरी/ शहर के मराठापारा-बांसपारा इलाके में तलवार, चाकू और लाठी-डंडों से लैस होकर दहशत फैलाने वाले नकाबपोश गिरोह के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी सौरभ हिरवानी (20 वर्ष) को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आधी रात को 15 से 20 नकाबपोश युवकों ने मचाया था उत्पात
पुलिस के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच की है। मराठापारा और बांसपारा वार्ड की गलियों में करीब 15 से 20 नकाबपोश युवक एकत्रित हुए थे। युवकों ने अपने चेहरे गमछे से ढंक रखे थे और उनके हाथों में तलवार, चाकू, रॉड, लाठी और डंडे जैसे हथियार थे।
आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने एकजुट होकर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मोहल्ले के घरों के दरवाजों और दुकानों के शटरों पर लाठी-डंडों से हमला कर इलाके में भय का माहौल बना दिया। घटना के बाद मोहल्ले के रहवासी दहशत में आ गए थे।
पहले भी हो चुकी है आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
घटना की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 191(3), 189(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने मामले में 24 अक्टूबर 2026 को आरोपी नोमेश पटेल सहित अन्य आरोपियों एवं विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा था।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया सौरभ
मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सौरभ हिरवानी के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान:
- नाम: सौरभ हिरवानी
- पिता: घनश्याम हिरवानी
- उम्र: 20 वर्ष
- निवासी: रामबाग सब्जी मार्केट, धमतरी
- थाना: सिटी कोतवाली, जिला धमतरी
फरार आरोपियों की तलाश जारी
धमतरी पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। शहर में भय और दहशत फैलाने तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
