धमतरी। पुलिस की वर्दी केवल कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा का प्रतीक भी है। इसका उदाहरण धमतरी पुलिस के आरक्षक किशोर गायकवाड़ ने पेश किया है। ऑटो में छूटे एक महिला के बैग, मोबाइल और कीमती सामान को सुरक्षित वापस लौटाकर उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की मिसाल पेश की।
मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला का बैग ऑटो में छूट गया था। बैग में मोबाइल सहित अन्य जरूरी और कीमती सामान रखा हुआ था। इस दौरान थाना सिटी कोतवाली धमतरी में पदस्थ आरक्षक किशोर गायकवाड़ को बैग मिला। उन्होंने जिम्मेदारी निभाते हुए बैग और उसमें रखे सामान को सुरक्षित रखा तथा उसकी वास्तविक मालकिन की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद बैग की मालकिन हिना यादव, निवासी चारामा, जिला कांकेर की पहचान हुई। इसके बाद आरक्षक किशोर गायकवाड़ ने थाना सिटी कोतवाली धमतरी में उन्हें उनका पूरा सामान सुरक्षित सुपुर्द कर दिया।

खोया सामान वापस पाकर भावुक हुईं हिना यादव
अपना मोबाइल और कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर हिना यादव ने राहत की सांस ली। उन्होंने धमतरी पुलिस और आरक्षक किशोर गायकवाड़ के प्रति आभार जताते हुए उनकी ईमानदारी और तत्परता की सराहना की।
एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में जनसेवा को प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों की सहायता एवं जनसेवा के लिए भी लगातार कार्य कर रही है।
आरक्षक किशोर गायकवाड़ की इस पहल ने पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास के रिश्ते को मजबूत करने का संदेश दिया है। धमतरी पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और विश्वास बनाए रखना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
