Phone Tips: गर्मियों के मौसम में जब तेज धूप की वजह से हमारा स्मार्टफोन आग की तरह तपने लगता है और हैंग होता है. तो बात तुरंत समझ में आ जाती है. लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि कड़ाके की ठंड पड़ते ही आपका फोन अचानक स्लो हो जाता है? कई बार तो बैटरी 40 या 50 प्रतिशत दिखने के बावजूद फोन अचानक स्विच ऑफ हो जाता है और स्क्रीन पर उंगली चलाने पर टच भी देर से काम करता है. हम अक्सर सोचते हैं कि शायद फोन पुराना हो गया है.
लेकिन असली वजह आपके आसपास का गिरता हुआ तापमान है. जिस तरह ज्यादा ठंड में हमारे हाथ-पैर सुन्न पड़ जाते हैं और काम करने की रफ्तार धीमी हो जाती है ठीक वैसा ही असर हमारे फोन के अंदर लगे पुर्जों पर भी पड़ता है. चलिए आपको बताते हैं कि सर्दियों में आखिर हमारे फोन स्लो क्यों हो जाता है.
बैटरी के अंदर जमने लगता है केमिकल का बहाव
सर्दियों में फोन के अचानक स्लो होने हो जाने के पीछे सबसे बड़ा हाथ उसकी बैटरी का होता है. आजकल के लगभग सभी स्मार्टफोन्स में लिथियम-आयन (Lithium-Ion) बैटरी लगी होती है. यह बैटरी अंदर होने वाले केमिकल रिएक्शन के जरिए फोन को बिजली सप्लाई करती है. इसके अंदर लिक्विड में इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं. जिनके जरिए आयन एक छोर से दूसरे छोर तक दौड़ते हैं और फोन को पावर मिलती है. लेकिन जैसे ही बाहर का तापमान गिरता है और कड़ाके की ठंड पड़ती है. बैटरी के अंदर का यह केमिकल गाढ़ा होने लगता है.

इससे आयन के दौड़ने की रफ्तार एकदम धीमी पड़ जाती है और बैटरी का अंदरूनी रेजिस्टेंस बढ़ जाता है. जब बैटरी फोन के प्रोसेसर को जरूरत के मुताबिक तुरंत करंट सप्लाई नहीं कर पाती तो फोन का सिस्टम खुद को अचानक क्रैश होने से बचाने के लिए प्रोसेसर की स्पीड को कम कर देता है. यही वजह है कि ठंड में फोन अचानक हैंग होने लगता है और बैटरी परसेंट तेजी से गिरता दिखता है.
ठंडी स्क्रीन और डिस्प्ले पिक्सल भी स्लो हो जाते हैं
सिर्फ बैटरी ही नहीं कड़ाके की ठंड आपके फोन की स्क्रीन यानी डिस्प्ले पर भी सीधा असर डालती है. अगर आपके पास थोड़ा 10-15 हजार वाला स्मार्टफोन है जिसमें एलसीडी डिस्प्ले लगी है. तो आपको सर्दियों में यह दिक्कत ज्यादा महसूस होगी. दरअसल एलसीडी का मतलब ही लिक्विड क्रिस्टल डिस्प्ले होता है. जब तापमान बहुत ज्यादा कम हो जाता है. तो स्क्रीन के अंदर मौजूद यह बारीक लिक्विड क्रिस्टल भी ठंडे होकर सुस्त पड़ जाते हैं और रंग बदलने या मूव होने में सामान्य से ज्यादा वक्त लेते हैं.
इसकी वजह से जब आप स्क्रीन को स्क्रॉल करते हैं या कोई वीडियो चलाते हैं. तो स्क्रीन पर धुंधली परछाई दिखती है और लगता है कि फोन अटक-अटक कर चल रहा है. इसके अलावा ठंड में हमारी उंगलियों की त्वचा भी एकदम रूखी और ठंडी हो जाती है. जिससे फोन का कैपेसिटिव टच सेंसर हमारी उंगली के इलेक्ट्रिक सिग्नल को ठीक से पकड़ नहीं पाता और टच रिस्पॉन्स काफी स्लो महसूस होता है.

सर्दियों में फोन को स्लो होने से कैसे बचाएं?
अगर आप भी सर्दियों में अपने फोन की स्पीड को बरकरार रखना चाहते हैं, तो कुछ आसान सी बातों का ध्यान रख सकते हैं. सबसे पहले तो ठंड में फोन को हाथ में लेकर चलने या बाइक के हैंडल पर लगाने के बजाय अपनी जैकेट या पैंट की अंदरूनी जेब में रखें जिससे आपके शरीर की गर्मी से फोन का तापमान सामान्य बना रहे. फोन पर एक अच्छा सा मोटा बैक कवर या थर्मल केस चढ़ाकर रखें.
जो बाहरी ठंडी हवा को सीधे बैटरी तक पहुंचने से रोकता है. एक बेहद जरूरी नियम यह भी है कि अगर आपका फोन तेज ठंड में एकदम बर्फ जैसा ठंडा हो गया है तो उसे तुरंत चार्जर पर बिल्कुल न लगाएं. बेहद ठंडी बैटरी को चार्ज करने से उसके अंदर की प्लेटें हमेशा के लिए खराब हो सकती हैं. पहले फोन को कमरे के नार्मल टेंपरेटर पर आने दें और उसके बाद ही चार्जिंग पर लगाएं.
