ग्राम दोनर की घटना, घायल ने पत्नी और बेटी पर लगाया सोते समय वार करने का आरोप
धमतरी/ जिले के ग्राम दोनर में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति के सिर पर हंसिया से वार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घायल ने अपनी पत्नी और बेटी पर हमला करने का आरोप लगाया है।
5 हजार रुपये को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दोनर, थाना अर्जुनी निवासी चुरामन यादव मजदूरी का काम करता है। घायल के बताए अनुसार, वह जिस व्यक्ति के यहां काम करता है, वहां से 5 हजार रुपये लाकर अपने बेटे को दे चुका था। इसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हो गया।
चुरामन यादव का आरोप है कि गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि के दौरान उसकी पत्नी अनीता और बेटी रामसत्ता देखकर घर लौटी थीं। इसके बाद सुबह जब वह सो रहा था, तभी कथित तौर पर दोनों ने उसके सिर पर हंसिया से वार कर दिया। हमले में वह घायल हो गया और किसी तरह वहां से निकलकर अपने भांजे के घर पहुंचा।
112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। दोपहर में 112 की टीम मौके पर पहुंची। वरदान परमार्थ सेवा समिति के हेमंत प्रधान की मदद से घायल चुरामन यादव को तत्काल जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
फिलहाल, घटना को लेकर घायल के बयान के आधार पर मामले की आगे की जानकारी और पुलिस की कार्रवाई की पुष्टि की जानी बाकी है।
