DRI, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, मलकानगिरी और सुकमा वन विभाग की इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई; 48 किलो संदिग्ध नारकोटिक पदार्थ और 1.47 किलो पैंगोलिन स्केल जब्त
धमतरी/ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (MP-CG), उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR), मलकानगिरी वन प्रभाग एवं सुकमा वन प्रभाग की टीमों ने इंटेलिजेंस आधारित संयुक्त कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स एवं वन्यजीव तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध नारकोटिक पदार्थ, पैंगोलिन स्केल, वाहन एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
बोराई चेक पोस्ट पर पकड़ा गया 31 किलो संदिग्ध पदार्थ
जानकारी के अनुसार, 10 सितम्बर की सुबह नियमित गश्त के दौरान उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के बोराई वन जांच चौकी की टीम ने एक मोटरसाइकिल को रोका। मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति सवार थे और उनके पास एक बड़ा बैग था।
मोटरसाइकिल ओडिशा के नबरंगपुर की ओर से सीतानदी रेंज के कोर एरिया में अनधिकृत रूप से प्रवेश करती पाई गई। इसके बाद बिरनासिल्ली वन जांच चौकी पर वैरिकेडिंग की गई। इस दौरान एक बैग बरामद हुआ, जिसमें करीब 31 किलोग्राम संदिग्ध नारकोटिक पदार्थ और एक मोबाइल फोन मिला।
जब्त सामग्री को आगे की जांच एवं कार्रवाई के लिए धमतरी पुलिस को सौंप दिया गया। हालांकि, दोनों संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल समेत मौके से फरार होने में सफल रहे।
डिजिटल साक्ष्यों से मिले अहम सुराग
जब्त सामग्री एवं डिजिटल साक्ष्यों के प्रारंभिक परीक्षण में संदिग्धों की आवाजाही नबरंगपुर जिले के रायघर क्षेत्र से उत्तर प्रदेश की ओर होने के संकेत मिले।
यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना गया क्योंकि उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के पास नबरंगपुर क्षेत्र में नारकोटिक्स तस्करी और वन्यजीव तस्करी के बीच संभावित संबंधों को लेकर पहले से खुफिया सूचनाएं उपलब्ध थीं।

नबरंगपुर में DRI का इंटेलिजेंस ऑपरेशन
जब्ती और पूर्व में प्राप्त खुफिया सूचनाओं के आधार पर 11 सितम्बर को डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़) ने USTR के समन्वय से ओडिशा के नबरंगपुर जिले के धांध्रा एवं मेंत्री क्षेत्र में संयुक्त इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन चलाया।
कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध पेडलर्स प्रह्लाद, पिता पदलम, निवासी काशागुड़ा, जिला कोरापुट तथा बिमल कुमार माझी, पिता विजय कुमार माझी, निवासी मेंत्री, जिला नबरंगपुर को करीब 48 किलोग्राम संदिग्ध नारकोटिक पदार्थ एवं एक स्कूटी के साथ हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान जांच टीम को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
मलकानगिरी में पैंगोलिन तस्करी का खुलासा
ऑपरेशन के दौरान मिले सुरागों के आधार पर USTR टीम ने मलकानगिरी वन प्रभाग एवं सुकमा वन प्रभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मलकानगिरी जिले के गोविंदपल्ली क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। टीम ने उनके कब्जे से करीब 1.47 किलोग्राम पैंगोलिन स्केल, 3 मोटरसाइकिल एवं 5 मोबाइल फोन जब्त किए।
इसके बाद पूछताछ, प्राप्त जानकारी के सत्यापन और फॉलो-अप सर्च के आधार पर पैंगोलिन तस्करी में कथित रूप से संलिप्त अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पैंगोलिन तस्करी मामले में छह आरोपी गिरफ्तार
जांच एवं कार्रवाई के दौरान पैंगोलिन तस्करी में कथित संलिप्तता के आरोप में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है—
- रामा कृष्ण गडबा, उम्र 35 वर्ष, पिता सिबा गडबा, जिला मलकानगिरी
- पूर्णा भूमिया, उम्र 30 वर्ष, पिता धनुरजय भूमिया, जिला मलकानगिरी
- ईश्वर भूमिया, उम्र 24 वर्ष, पिता सनिया भूमिया, जिला मलकानगिरी
- कुमा बिसोई, उम्र 31 वर्ष, पिता टीला बिसोई, जिला मलकानगिरी
- सुशांत खिल्ला, उम्र 25 वर्ष, पिता सोमनाथ खिल्ला, जिला कोरापुट
- लक्ष्मण सिलपड़िया, उम्र 23 वर्ष, पिता सुखेदेवा सिलपड़िया, जिला कोरापुट
