धमतरी/ धमतरी पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किराना दुकान की आड़ में संचालित अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 128 पौवा देशी शराब और बिक्री रकम सहित कुल 11,540 रुपये का माल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि बठेना पारा स्थित जेल रोड पर एक किराना दुकान में अवैध रूप से शराब संग्रहित कर बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। जांच के दौरान आरोपी रामखिलावन सिन्हा (32 वर्ष) के कब्जे से 128 पौवा देशी मसाला एवं प्लेन शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 23.04 लीटर बताई गई है। शराब और बिक्री रकम सहित जब्त सामग्री का कुल मूल्य 11,540 रुपये आंका गया है।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी शराब रखने और बिक्री करने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसके खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी
- रामखिलावन सिन्हा
- उम्र : 32 वर्ष
- पिता : स्व. लिकेश्वर सिन्हा
- निवासी : बठेना पारा, जेल रोड, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
