धमतरी/ जिले में जल पर्यटन स्थलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। गंगरेल जलाशय में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार बोटिंग गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
हाल ही में बरगी डैम (जबलपुर) में हुए क्रूज़ हादसे के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी के मद्देनज़र जिले के सभी बोटिंग प्वाइंट्स पर लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है।
क्या-क्या जांचा गया?
निरीक्षण के दौरान टीम ने लाइफ जैकेट, लाइफ ब्वॉय, आपातकालीन किट और बोट की तकनीकी स्थिति की बारीकी से जांच की। बोट संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें।

कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश
- बिना लाइफ जैकेट किसी भी पर्यटक को बोटिंग की अनुमति नहीं
- बोट की क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाई जाएं
- मौसम की स्थिति के अनुसार ही बोटिंग संचालित हो
कलेक्टर ने पर्यटकों से भी अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
मॉक ड्रिल से परखी तैयारी
निरीक्षण के दौरान SDRF टीम, अतिरिक्त तहसीलदार एवं थाना प्रभारी रुद्री की मौजूदगी में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का आकलन किया गया।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित निरीक्षण के माध्यम से सभी जल पर्यटन स्थलों को सुरक्षित बनाए रखने के प्रयास जारी रहेंगे।
