धमतरी/ जिले में शहरी विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगर में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत रुद्री चौक के समीप प्रस्तावित चौपाटी निर्माण स्थल से की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस स्थल को शहरवासियों के लिए आकर्षक बनाया जाए, जिसमें स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और आवश्यक सुविधाओं का समुचित ध्यान रखा जाए।
इसके बाद लक्ष्मी निवास चौक से विंध्यवासिनी मंदिर नहर नाका चौक तक प्रस्तावित लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले “गौरव पथ” का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने इस सड़क परियोजना को शहर की पहचान से जोड़ते हुए निर्माण प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
साथ ही जालमपुर वार्ड में अर्बन चैलेंज फंड के तहत बनाए जाने वाले स्पोर्ट्स क्लब के लिए चयनित स्थल का भी निरीक्षण किया गया।

इसके पश्चात गांधी मैदान के समीप स्थित पुराने जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में प्रस्तावित “अर्बन चैलेंज फंड कॉम्प्लेक्स” का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने इस परियोजना को सुव्यवस्थित योजना के साथ विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल, उपायुक्त पी.सी. सर्वा, कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
