धमतरी/ धमतरी पुलिस ने आईपीएल मैचों पर चल रहे ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा मोबाइल, नगदी और ट्रांजेक्शन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रही निगरानी के दौरान थाना सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रूद्री रोड स्थित बग्गा बार के पीछे कुछ व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी विकाश पटेल (25 वर्ष) और टिकेश्वर साहू (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
जांच में दोनों आरोपियों द्वारा आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाना पाया गया।

जब्ती विवरण:
- 2 मोबाइल फोन (मोटोरोला G85, वीवो NEO 9 Pro, जिओ सिम सहित)
- ट्रांजेक्शन से संबंधित डिजिटल साक्ष्य
- नगदी 18,000 रुपये
कुल 36,000 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 एवं बीएनएस की धारा 112 के तहत थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा एवं जुए से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
