धमतरी/ जिले में नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए धमतरी पुलिस ने “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। “ऑपरेशन निश्चय” सहित विशेष अभियान चलाकर मादक पदार्थों की बिक्री के साथ-साथ अब सेवन करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भर्री पारा क्षेत्र में एक युवक सार्वजनिक स्थान पर हेरोइन (चिट्टा) का सेवन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जोधापुर वार्ड, भर्री पारा में पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।
मौके से नशा और अन्य सामग्री बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 0.35 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जिसकी कीमत लगभग 7,000 रुपये आंकी गई, एक मोपेड (40,000 रुपये), एक मोबाइल फोन (6,000 रुपये), लाइटर, सिल्वर कोटेड नोट सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त सामान की कुल कीमत 53,020 रुपये बताई गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
आरोपी का विवरण
धनेश्वर यादव उर्फ धन्नू (22 वर्ष)
पिता – मनोहर यादव
निवासी – सोरिद, जोधापुर वार्ड, धमतरी
पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
