धमतरी/ आगामी 24 एवं 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले “युवा उत्सव 2026 – इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” को लेकर धमतरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एएसपी धमतरी द्वारा बी.सी.एस. कॉलेज, धमतरी स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, मंच सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बताया जा रहा है कि इस आयोजन में जिले के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया है। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, वहीं सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे।

भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई टीम भी तैयार रखी जाएगी।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों और प्रतिभागियों से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें।
पुलिस का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य इस युवा उत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाना है, जिसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
