जांजगीर-चांपा/ जिले में एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां खुद को चमत्कारी बताने वाले एक 60 वर्षीय फर्जी बाबा ने इलाज के नाम पर महिला के साथ घिनौना अपराध किया। आरोपी ने बॉडी पेन ठीक करने का झांसा देकर पहले महिला का भरोसा जीता और फिर उसे अपने जाल में फंसाकर कई बार दुष्कर्म किया।
ऐसे रचा पूरा षड्यंत्र
पीड़िता लंबे समय से शरीर में दर्द की समस्या से परेशान थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी “निर्मल बाबा” से हुई, जिसने खुद को चमत्कारी बताकर इलाज का दावा किया। आरोपी ने ‘प्रसाद’ देकर महिला को विश्वास में लिया और धीरे-धीरे उसे अपने नियंत्रण में ले लिया।
भरोसे का फायदा उठाकर बाहर ले गया
आरोपी महिला को पहले बिलासपुर लेकर गया और फिर ट्रेन के माध्यम से मेहर पहुंचा। वहां एक होटल में ठहरकर इलाज के बहाने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो भी खींच लिए।

विरोध करने पर ब्लैकमेलिंग
जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फोटो वायरल करने की धमकी दी और महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और धर्मशाला में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सावधान रहें – जागरूक बनें
ऐसे फर्जी बाबाओं और चमत्कार के नाम पर ठगी/शोषण करने वालों से सतर्क रहना बेहद जरूरी है। किसी भी तरह के इलाज के लिए प्रमाणित डॉक्टरों से ही संपर्क करें।
