धमतरी/ जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन IPL सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में विशेष रूप से IPL मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वालों पर नजर रखी जा रही थी।
मुखबिर से सूचना मिली कि बनियापारा निवासी शंकर मंगलानी (39 वर्ष) अपने मोबाइल के जरिए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से क्रिकेट मैचों में सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर रेड डाली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जब्त सामग्री:
- 01 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹10,000)
- 02 सिम कार्ड
- 01 स्कूटी (CG 05 AN 6048) कीमत लगभग ₹1,10,000
- कुल जब्ती: ₹1,20,500
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही, जांच के दौरान उपयोग किए गए मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
