धमतरी/ शहर में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली का लोड भी लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ने लगा है। इसी बीच शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
सिहावा रोड स्थित शांति कॉलोनी चौक, फायर स्टेशन के सामने लगे ट्रांसफार्मर में शनिवार रात करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराई गई, जिससे स्थिति और गंभीर होने से बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायरमैन भरत ठाकुर, रोहित कुमार, नोहर यादव, देवेंद्र साहू, सुखराम बारले तथा चालक जितेश साहू ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझा लिए जाने के कारण आसपास के क्षेत्र में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
