छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संस्थान द्वारा हुआ भव्य आयोजन
धमतरी/ 1 नवंबर छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संस्थान द्वारा शनिवार को गोकुलपुर वार्ड में ‘मा छत्तीसगढ़ महतारी’ की पूजा-अर्चना, माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कार्यक्रम बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मां छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान संस्थान की सदस्याओं ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी परिधान में भक्ति गीतों के साथ पूजा-अर्चना की। दीप प्रज्वलन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।
संस्थान की अध्यक्ष मोहनी साहू ने कहा, “मा छत्तीसगढ़ महतारी हमारी संस्कृति, स्वाभिमान और पहचान की प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन हमें अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं और मातृशक्ति के सम्मान को सशक्त बनाते हैं।”

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष शमीना अंजुम, सचिव भावना मरकाम, कोषाध्यक्ष भारती साहू, मार्गदर्शक एवं उद्योग प्रभारी डॉ. संदीप मेश्राम, व्यवस्थापक खिलेश्वर साहू, महेश साहू, सोहेल, वार्ड अध्यक्ष मंजू टेमरे, पूजा यादव, उषा मांडवी, जिला सचिव उमा पटेल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया।
डॉ. मेश्राम ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी।
अंत में खिलेश्वर साहू ने सभी से अपील की कि शाम को अपने घरों में दीप जलाकर मा छत्तीसगढ़ महतारी का सम्मान करें।
