शहर कांग्रेस कमेटी ने बलिदान दिवस और अखंडता दिवस के रूप में मनाई दोनों महान नेताओं की जयंती-पुण्यतिथि
धमतरी/ 31 अक्टूबर शहर कांग्रेस कमेटी धमतरी द्वारा भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस तथा स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को अखंडता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने दोनों महान नेताओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11 बजे इंदिरा गांधी चौक (अर्जुनी चौक) में किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस दौरान नेताओं ने दोनों महान हस्तियों के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कांग्रेसजनों ने कहा कि भारत की पूर्व प्रधानमंत्री प्रियदर्शिनी स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी ने 31 अक्टूबर 1984 को देश की एकता और अखंडता के लिए अपना महान बलिदान दिया था। उनके जैसा दूरदर्शी और दृढ़निश्चयी नेतृत्व इतिहास में दुर्लभ है। वह भारत के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास की प्रतीक थीं, जिनके व्यक्तित्व का लोहा पूरा विश्व मानता था।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के प्रसिद्ध उद्गार को याद किया —
“यदि मैं राष्ट्र की सेवा करते हुए मर भी जाऊँ, तो मुझे गर्व होगा। मुझे विश्वास है कि मेरे खून की प्रत्येक बूंद इस राष्ट्र के विकास और समृद्धि में सहायक होगी।”
कांग्रेसजनों ने कहा कि प्रतिवर्ष इस दिन देश की जनता एकता, अखंडता और प्रगति के लिए उनके योगदान को नमन करती है।
वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने का कठिन कार्य किया और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक बने। उनके कड़े निर्णयों और अटूट राष्ट्रनिष्ठा से ही भारत अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित हो सका।
नेताओं ने कहा कि आज कुछ राजनीतिक दल सरदार पटेल की विरासत को अपनाने की कोशिश करते हैं, परंतु सच्चा सम्मान तभी है जब हम उनके आदर्शों और विचारों पर चलें। पटेल जी के योगदान और दृष्टिकोण से ही देश और समाज का विकास संभव है।
इस अवसर पर विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी, पूर्व महापौर विजय देवांगन, ब्लॉक अध्यक्ष आकाश गोलछा, वरिष्ठ नेता विजय प्रकाश जैन, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजा देवांगन, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष शास्त्री सोनवानी, गजानंद रजक, चन्द्रहास साहू, ज्ञानचंद सिन्हा, श्रवण साहू, राकेश मौर्या, प्रमोद कुंजाम, आशुतोष खरे, देवेन्द्र देवांगन, विजेंद्र रामटेके, सबीना खान, वातंजलि गोस्वामी, अविनाश मरोठे, राजेश पवार, सूरज पासवान, धर्मेन्द्र पटेल, जगमोहन ध्रुव, अजय सिन्हा, श्यामलाल देवांगन, अरविन्द साहू, लक्की साहू, रुद्रा साहू, मानिक साहू, सुनील सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
