कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने “शासन आपके द्वार” रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
धमतरी/ 31 अक्टूबर जिला प्रशासन धमतरी ने ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के नागरिकों तक सरकारी सेवाएँ पहुँचाने की दिशा में एक अनूठी पहल की है।
“शासन आपके द्वार” नामक इस परियोजना की शुरुआत शुक्रवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टोरेट परिसर से रथ को हरी झंडी दिखाकर की।
अब ग्राम पंचायत स्तर पर मिलेंगी सरकारी सेवाएँ
डिप्टी कलेक्टर कल्पना ध्रुव ने बताया कि इस अभिनव पहल के तहत अब ग्रामीणों को शहर या ब्लॉक मुख्यालय तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
प्रमाण पत्र, पेंशन आवेदन, आधार अपडेट, किसान पंजीयन, राजस्व सेवाएँ सहित 39 प्रमुख शासकीय योजनाओं का लाभ ग्राम पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके लिए एक विशेष मोबाइल वैन को “शासन आपके द्वार रथ” के रूप में तैयार किया गया है, जो निर्धारित तिथियों पर जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुँचेगा।
यह वैन नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर संबंधित विभागों तक भेजेगी और उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करेगी।

ग्रामों में लगेगा समाधान शिविर
जिस दिन यह रथ किसी ग्राम पंचायत में पहुँचेगा, उस दिन संबंधित विभागों द्वारा स्थल पर ही शिविर आयोजित किए जाएँगे।
इस दौरान नागरिकों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा।
रथ पर सभी विभागों की मुख्य सेवाओं की सूची और संपर्क जानकारी प्रदर्शित रहेगी, जिससे ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी तुरंत और पारदर्शी रूप से मिल सके।
कलेक्टर बोले — यह सुशासन की दिशा में बड़ा कदम
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि “शासन आपके द्वार” पहल से विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
उन्होंने कहा —
“यह योजना सेवा प्रदाय की गति और दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ शासन की योजनाओं के प्रति जनजागरूकता को भी बढ़ाएगी। यह सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की पहुँच को और अधिक मजबूत बनाएगा।”
