धमतरी/ चौकी बिरेझर, थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम कचना में चाकूबाजी की घटना के दो आरोपियों को पुलिस ने मात्र कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त चाकू व बिना नम्बर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को प्रार्थी गोविंद साहू (32 वर्ष) अपने होटल दुकान में मौजूद था। उसी दौरान गांव के ही टकेश्वर उर्फ टक्कू ध्रुव (20 वर्ष) और राजाराम चतुर्वेदी उर्फ राजा (26 वर्ष), निवासी ग्राम कचना, एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ बिना नम्बर की मोटरसाइकिल से पहुंचे।
आरोपियों ने प्रार्थी को बहन की अश्लील गालियाँ दीं और हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। विरोध करने पर राजाराम और बालक वहां से भाग निकले, जबकि टकेश्वर ने अपने पास रखे लोहे के धारदार चाकू से गोविंद साहू के दोनों कुल्हों में वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी बिरेझर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 288/25 धारा 296(ख), 115(2), 351(2), 118(1), 3(5) बी.एन.एस. एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और गवाहों के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके मेमोरण्डम कथन पर घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की गई।
धमतरी पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, वहीं विधि से संघर्षरत बालक का सामाजिक प्रतिवेदन तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
आरोपीगण —
1️⃣ टकेश्वर उर्फ टक्कू ध्रुव पिता गणेशु ध्रुव (20 वर्ष)
2️⃣ राजाराम चतुर्वेदी उर्फ राजा पिता पुरानिक राम चतुर्वेदी (26 वर्ष)
(दोनों निवासी ग्राम कचना, चौकी बिरेझर, थाना कुरूद, जिला धमतरी)
