धमतरी। जिला मुख्यालय स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा, जो वर्ष 2023 में तत्कालीन प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा स्थापित की गई थी, अब अपने रंग और आकर्षण दोनों खो चुकी है। समय के साथ प्रतिमा का कलर डाउन हो जाने से उसका तेज़ और गौरव मानो धूमिल पड़ गया है।
यह वही प्रतिमा है जो छत्तीसगढ़ की अस्मिता और मातृभूमि के प्रतीक रूप में हर जिले के मुख्यालय में स्थापित की गई थी। लेकिन राजधानी रायपुर में महतारी की मूर्ति खंडित होने की घटना के बाद जिस प्रकार प्रदेशभर में जनाक्रोश और आंदोलन की लहर उठी थी, उसी के बीच अब धमतरी में भी महतारी की उपेक्षा का सवाल उठ खड़ा हुआ है।
1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस (राज दिवस) को देखते हुए नागरिकों की मांग है कि छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का शीघ्र पुनः रंग-रोहण और सौंदर्यीकरण किया जाए। लोगों का कहना है कि यह केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की माटी, मान और मातृत्व की पहचान है।
इस विषय पर धमतरी कलेक्टर से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का रिनोवेशन और रंग-रोहण कार्य जल्द कराया जाएगा। संबंधित विभाग को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
