धमतरी/ रूद्रेश्वर मंदिर घाट, रूद्री में छठ महापर्व का आयोजन श्रद्धा और आस्था के माहौल में संपन्न हुआ। छठ महापर्व आयोजन समिति के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में घाट पहुंचकर छठी मईया की पूजा-अर्चना की और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।
कार्यक्रम में नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छठी मईया से नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

महापौर ने कहा —
“छठी मईया लोक आस्था की प्रतीक हैं। यह पर्व हमें सूर्य, जल और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। नगरवासियों की एकता और भक्ति इसी तरह बनी रहे, यही हमारी प्रार्थना है।”
संध्या के समय श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया, वहीं भोर में उदयमान सूर्य को जल अर्पित कर पर्व का समापन किया। पूजा स्थल पर छठी मईया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
