उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई. तरयासुजान क्षेत्र के सलेमगढ़ टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार लग्जरी बस ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयानक था कि बाइक पर सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
बैलेंस खोने से हुआ हादसा!
बताया जा रहा है कि यह हादसा रविवार सुबह करीब 9:30 बजे हुआ था, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है. दिल्ली जा रही एक लग्जरी बस हाईवे से गुजर रही थी. उसी समय सामने से एक बाइक पर सवार होकर चाचा और भतीजा जा रहे थे. अचानक बस ड्राइवर ने बैलेंस खो दिया और बाइक को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और बस का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया.

लोगों ने जब यह हादसा देखा तो चारों ओर चीख-पुकार मच गई. लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी. थोड़ी ही देर में तरयासुजान थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को सड़क से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बस को कब्जे में ले लिया.
हादसे के बाद बस ड्राइवर फरार
हादसे में मारे गए दोनों लोग बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वह किसी काम से कुशीनगर आए थे और वापस लौट रहे थे. परिवार को जब इस हादसे की जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस बहुत तेज रफ्तार से चल रही थी और ड्राइवर ने अचानक सामने आई बाइक को देखकर ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. पुलिस ने बताया कि बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है. फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
