महापौर रामू रोहरा ने उच्च अधिकारियों संग की बैठक, जल्द शुरू होंगे विकास कार्य
धमतरी/ नगर की सबसे बड़ी कृषि थोक सब्जी मण्डी श्यामतराई में अब बड़े पैमाने पर विकास कार्य शुरू होने जा रहे हैं। महापौर रामू रोहरा ने सोमवार को मण्डी परिसर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और मण्डी पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
महापौर ने मण्डी में रोड और शेड निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, तथा स्वच्छता प्रबंधन जैसे प्रमुख बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयसीमा में पूरे किए जाएं ताकि किसानों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महापौर ने मौके पर किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को भी नज़दीक से जाना।

महापौर रामू रोहरा ने कहा —
“श्यामतराई मण्डी धमतरी की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां की सुविधाएं बेहतर होंगी तो किसानों और व्यापारियों दोनों को लाभ मिलेगा। हमारा लक्ष्य है कि मण्डी को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाए।”
उन्होंने कहा कि मण्डी का कायाकल्प होने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों को अपनी उपज बेचने में अधिक सुविधा मिलेगी, वहीं शहरवासियों को ताज़ी सब्ज़ियाँ और फल आसानी से मिल सकेंगे।
मण्डी पदाधिकारियों ने भी महापौर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नई व्यवस्थाओं से व्यापारिक गतिविधियाँ और अधिक सुचारू होंगी।
