धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हरदी में सोमवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक ही घर में पति-पत्नी के शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच की तो प्रथम दृष्टया मामला पति द्वारा पत्नी की हत्या कर आत्महत्या करने का पाया गया।
पुलिस के अनुसार, हितेश यादव (22 वर्ष) और उसकी पत्नी लक्ष्मी यादव (20 वर्ष) 20 अक्टूबर की रात अपने घर के कमरे में सोने गए थे। अगले दिन सुबह जब दोनों दरवाजा नहीं खोल रहे थे, तो हितेश के बड़े भाई गितेश्वर यादव ने आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने सीढ़ी लगाकर कमरे के वेंटिलेशन से झांका — अंदर का नज़ारा देखकर उसकी चीख निकल गई।
कमरे में लक्ष्मी का शव ज़मीन पर पड़ा था जबकि हितेश फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही करेलीबड़ी चौकी पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। मौके का निरीक्षण करने के बाद लक्ष्मी यादव की मौत गला घोंटने से हुई यह बात शार्ट पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुई है। पुलिस ने इस पर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं पति हितेश यादव की मौत के संबंध में पीएम रिपोर्ट में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की पुष्टि हुई है। इस पर अलग से मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर मगरलोड थाना और करेलीबड़ी चौकी की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है। फॉरेंसिक साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल और परिस्थिति जन्य सबूतों के आधार पर पुलिस पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि — “घटना के हर पहलू की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच की जा रही है, ताकि सत्य सामने आ सके।
