धमतरी/ 16 अक्टूबर जिला प्रशासन, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन और Agripilot.AI के संयुक्त प्रयास से धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड में “फ्यूचर फार्मिंग – AI आधारित कृषि कार्यक्रम” के अंतर्गत पाँच अत्याधुनिक वेदर स्टेशन स्थापित किए गए हैं।
ये वेदर स्टेशन पंचपेड़ी, हंचलपुर, जुगदेही, गोबरा और चरमुड़िया पंचायतों में लगाए गए हैं, जो आसपास के करीब 1000 एकड़ क्षेत्र को कवर करेंगे। इनका उद्देश्य किसानों को रीयल-टाइम मौसम की जानकारी देना है, जिससे वे बुवाई, सिंचाई और कीटनाशक जैसे निर्णय वैज्ञानिक तरीके से ले सकें।

फिलहाल इस कार्यक्रम से 20 गाँवों के 200 किसान जुड़े हैं, जिन्हें तकनीकी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।
स्थापना के उपरांत हुए समारोह में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, कृषि अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। Agripilot.AI के विशेषज्ञ शांतनु ने किसानों को वेदर स्टेशन के लाभों की जानकारी दी।
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के वरिष्ठ एसोसिएट दिनेश बोरसे ने इस पहल को “स्मार्ट कृषि की दिशा में मील का पत्थर” बताया और इसे छत्तीसगढ़ में एक अनूठी शुरुआत कहा।
