धमतरी/ शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने, निजी अस्पतालों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री गोपाला हॉस्पिटल, धमतरी में जिले के निजी अस्पतालों के संचालकों एवं निदेशकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अस्पताल प्रबंधन, शासन द्वारा लागू किए गए नए नियमों एवं विनियमों, स्वास्थ्य संबंधी मानकों और मरीजों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित सभी अस्पताल संचालकों ने बेहतर उपचार, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं और मरीजों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। साथ ही शासन के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने पर सहमति जताई।
संकट की स्थिति में एक-दूसरे का करेंगे सहयोग
बैठक में निजी अस्पतालों के बीच आपसी एकजुटता और सहयोग को मजबूत करने का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि भविष्य में किसी भी अस्पताल के सामने कोई संकट या विषम परिस्थिति उत्पन्न होती है, तो सभी अस्पताल मिलकर उसका सहयोगात्मक तरीके से समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी अपनी बात उचित, मर्यादित एवं संगठित तरीके से रखी जाएगी।
प्रशासन, समाज और मीडिया के बीच सेतु बनेगा समूह
बैठक में यह भी सहमति बनी कि नवगठित समूह निजी अस्पतालों, प्रशासन, सामाजिक संगठनों और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सेतु का कार्य करेगा। किसी भी पक्ष को समस्या, असहमति या संवादहीनता की स्थिति का सामना करना पड़ता है, तो आपसी बातचीत और समन्वय के माध्यम से उसका सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का लिया संकल्प
बैठक में उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं अस्पताल संचालकों ने एकजुट होकर धमतरी की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और जनसुलभ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में डॉ. वरिंदर नंदा, डॉ. जे.एस. कालसा, डॉ. हरनीत कालसा, डॉ. सी.एल. साहू, डॉ. यूनिवर्सिटी पैकारा, डॉ. अभिषेक लॉज, डॉ. नवीन साहूकार, डॉ. विजय रावत, डॉ. विभोर नंदा सहित अन्य चिकित्सक एवं अस्पताल संचालक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य निजी अस्पतालों के बीच एकजुटता बढ़ाने के साथ-साथ प्रशासन और समाज के सहयोग से धमतरी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाना रहा।
