मगरलोड पुलिस ने घेराबंदी कर दी दबिश, जुआ खेलते चारों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा
धमतरी। जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मगरलोड पुलिस ने ग्राम भैसमुंडी स्थित देव तालाब के पास काटपत्ती जुआ खेल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3,400 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भैसमुंडी के देव तालाब के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने 27 नवंबर 2026 की रात करीब 10:40 बजे मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते हुए चार लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,400 रुपये नगद और ताश की 52 पत्तियां जब्त कीं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें मोनिस साहू (29 वर्ष), कमलेश सोनी (28 वर्ष), घनश्याम ध्रुव (26 वर्ष) और रूपचंद तारक (25 वर्ष) शामिल हैं। चारों आरोपी ग्राम भैसमुंडी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के निवासी हैं।
जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 246/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध जुआ, सट्टा या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

