धमतरी/ जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसों में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में बाइक सवार आए, वहीं श्यामतराई के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटनाओं में वाहनों के सामने के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पुरैना के पास ट्रक ने बाइक सवारों को लिया चपेट में, किशोर की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन किशोरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ग्राम कचना निवासी भरत चक्रधारी की मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि भरत अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान पुरैना के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

गंगरेल बांध मार्ग पर दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत, चार घायल
वहीं, गंगरेल बांध मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को 112 की सहायता और भूषण क्लिनिक की एंबुलेंस सेवा से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
श्यामतराई के पास कार और बाइक में भिड़ंत, वाहन क्षतिग्रस्त
इधर, अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्यामतराई के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि जगदलपुर की ओर से धमतरी आ रही बाइक डिवाइडर पार करते हुए कार से जा भिड़ी। टक्कर के दौरान बाइक का अगला हिस्सा कार के ड्राइवर सीट की तरफ जा चढ़ा।
हादसे में कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं और वे बाल-बाल बच गए, लेकिन कार और बाइक के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है।
