धमतरी। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘रन फॉर यूनिटी’ (सद्भावना दौड़), आधुनिक हथियारों एवं एम्युनिशन का प्रदर्शन और भव्य रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में NCC कैडेट्स, डिफेंस अकादमी के विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री यशकरण दीप ध्रुव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी से हुई। यहां सद्भावना दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। दौड़ निर्धारित मार्ग से होते हुए पुलिस लाइन धमतरी (रुद्री) पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें शामिल युवाओं ने अनुशासन और उत्साह के साथ दौड़ लगाकर देश की एकता, अखंडता, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
पुलिस लाइन रुद्री में आधुनिक हथियारों का विशेष प्रदर्शन
सद्भावना दौड़ के समापन के बाद पुलिस लाइन रुद्री में NCC कैडेट्स एवं डिफेंस अकादमी के छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक हथियारों, एम्युनिशन और सुरक्षा उपकरणों का विशेष तकनीकी प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं प्रशिक्षित कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को पुलिस बल में उपयोग किए जाने वाले आधुनिक संसाधनों की संरचना, विशेषताओं, उपयोगिता, कार्यप्रणाली और सुरक्षित रख-रखाव के संबंध में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पुलिस के तकनीकी संसाधनों को करीब से देखा और अपनी जिज्ञासाओं एवं सवालों के माध्यम से पुलिस की कार्यप्रणाली तथा सुरक्षा व्यवस्था को समझा।
रंगोली में दिखी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की झलक
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगोलियां बनाईं।
रंगोलियों के माध्यम से लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागियों की कलाकृतियों ने सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
युवाओं में अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना उद्देश्य
धमतरी पुलिस के अनुसार इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के महत्व से जोड़ना तथा उनमें अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, नेतृत्व क्षमता, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है।
आधुनिक हथियारों एवं पुलिस संसाधनों के प्रदर्शन से विद्यार्थियों को पुलिस बल की जिम्मेदारियों, सुरक्षा संबंधी चुनौतियों और आधुनिक तकनीकी क्षमताओं को समझने का अवसर मिला। पुलिस का मानना है कि इस तरह के आयोजन पुलिस और युवाओं के बीच बेहतर संवाद, आपसी विश्वास और सकारात्मक संबंध स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में युवा रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक श्री यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक श्री विपुल आनंद जांगड़े, प्रशिक्षु सूबेदार श्री टोपेश्वर सिंह राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक श्री रामावतार राजपूत सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, डिफेंस अकादमी के प्रशिक्षकगण, NCC कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में धमतरी पुलिस ने युवाओं से देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा अनुशासन और निष्ठा के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, युवा जागरूकता और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे।

