धमतरी/ भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम हंचलपुर में सोमवार सुबह दो मोटरसाइकिलों के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में 17 वर्षीय युवक द्वारिका यादव की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल देखा गया। ग्रामीणों के अनुसार, गोठान के पास दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और यहां कई बार ब्रेकर बनाने की मांग की जा चुकी है।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल पुलिस सहायता केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, द्वारिका यादव (17 वर्ष), पिता रामचंद्र यादव, अपने दोस्त गौरव साहू के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था। इसी दौरान शत्रुघ्न की किराना दुकान के पास बाइक क्रमांक CG 05 AL 9213 से उसकी मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई।
मृतक के पिता रामचंद्र यादव ने बताया कि वह घटना के समय पास के गोठान में ही मौजूद थे। तभी उनकी बेटी ने सूचना दी कि वहां कोई हादसा हो गया है और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई है। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे, जहां द्वारिका बेहोशी की हालत में पड़ा था।
परिजन तत्काल उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल धमतरी लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुबह 10:50 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे हुई थी।

गोठान के पास ब्रेकर बनाने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों के मुताबिक, गोठान के पास अक्सर सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस स्थान पर वाहनों की आवाजाही के बीच हादसों का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए कई बार यहां ब्रेकर बनाने की मांग की जा चुकी है।

सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
17 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया है। वहीं, घटना के बाद एक बार फिर गोठान के पास सड़क सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग इस स्थान पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय करे, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
