धमतरी/ जिले के ग्राम मुजगहन में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा की गई।
पुरानी रंजिश में चाकू और डंडे से हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे ग्राम मुजगहन के मेन रोड पर सुदामा साहू के घर के सामने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, लकड़ी के डंडों और धारदार चाकू से हमला किया गया।
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल शासकीय जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विकास साहू का उपचार जारी है।

त्वरित कार्रवाई कर चार आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना अर्जुनी पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी कर चार लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे सहित अन्य सामान गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), रितेश नेताम (22 वर्ष), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष) और नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष) के रूप में हुई है। चारों आरोपी रत्नाबांधा, धमतरी के निवासी बताए गए हैं।
BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने थाना अर्जुनी, जिला धमतरी में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 115(2), 118(1), 351(3), 190, 191(1), 191(2) एवं 103(1) के अंतर्गत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं पतासाजी जारी है।

धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करने तथा किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।
