गमछे से चेहरे ढंककर मोहल्ले में पहुंचे थे युवक
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच 15 से 20 युवक चेहरे पर गमछा बांधकर मराठा पारा और बांसपारा वार्ड में एकत्र हुए थे। आरोप है कि युवकों के हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, तलवार और चाकू जैसे हथियार थे।
आरोपियों ने मोहल्ले के लोगों के साथ अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और घरों के दरवाजों व दुकानों के शटर पर लाठी-डंडों से वार कर तोड़फोड़ की। इस घटना से इलाके में भय का माहौल बन गया।
शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया अपराध
मामले में मराठा पारा के एक वार्डवासी की लिखित शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 271/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन और सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस ने संदेहियों की पतासाजी और पूछताछ शुरू की।
विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान नोमेश पटेल उर्फ आर्यन, निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, कारगिल चौक, धमतरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान घटना में संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली है।

चाकू, बांस के डंडे और कपड़े जब्त
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, बांस के डंडे और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए हैं। मामले में मिले तथ्यों के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
प्रकरण में शामिल 6 विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 191(3), 189(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और उपद्रवी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शहर में शांति बनाए रखने में सहयोग करें। गुंडागर्दी, हथियारों के प्रदर्शन, मारपीट, धमकी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने और नागरिकों में भय फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
