ताला तोड़कर चोरी, फिर दुकान में लगाई आग
जानकारी के मुताबिक, रेलवे स्टेशन के किनारे नाली के ऊपर छोटी-छोटी दुकानें लगाकर फुटकर विक्रेता अपनी आजीविका चलाते हैं। रात के समय अज्ञात लोगों ने एक कबाड़ी दुकान को निशाना बनाया। दुकान संचालक कुतुब भाई के अनुसार, आरोपियों ने पहले दुकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर नगदी रकम चोरी की। इसके बाद दुकान में आग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलने पर दुकान संचालक मौके पर पहुंचे। समय रहते आग का पता चलने पर दमकल वाहन बुलाया गया और आग पर काबू पाया गया। दुकान संचालक के मुताबिक, इस घटना में करीब 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

समय पर सूचना मिलने से टला बड़ा हादसा
दुकान संचालक का कहना है कि यदि समय रहते आग लगने की जानकारी नहीं मिलती, तो आग आसपास की दूसरी दुकानों तक फैल सकती थी। रेलवे स्टेशन के किनारे एक-दूसरे के पास स्थित छोटी दुकानों में आग फैलने से बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। समय पर दमकल की मदद मिलने से आग पर काबू पाया जा सका।
भोला पान दुकान का ताला तोड़कर नगदी और पाउच चोरी
इसी रात भोला पान दुकान के संचालक गिरधर सिन्हा ने भी चोरी की घटना की जानकारी दी। उनके अनुसार, दुकान का ताला तोड़कर नगदी रकम और पाउच चोरी कर लिए गए। इसके अलावा आसपास की कुछ अन्य दुकानों में भी चोरी होने की बात सामने आई है।
लगातार दुकानों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय फुटकर व्यापारियों में चिंता का माहौल है। दिनभर मेहनत कर अपनी रोजी-रोटी कमाने वाले छोटे दुकानदारों के लिए इस तरह की घटनाएं आर्थिक नुकसान का कारण बन रही हैं।

रात्रि गश्त बढ़ाने की उठी मांग
स्थानीय स्तर पर इन घटनाओं में नशे के आदी युवकों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा चोरी और आगजनी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई है।
अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं की जांच कर आरोपियों तक कब पहुंचती है। फिलहाल, रेलवे स्टेशन के आसपास के दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
