संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सघन पेट्रोलिंग
थाना कोतवाली पुलिस एवं चीता स्क्वायड की टीम द्वारा शहर के रामबाग वार्ड, विंध्यवासिनी वार्ड, कोस्टापारा वार्ड, मराठापारा, कुम्हारपारा और गणेश चौक सहित अन्य क्षेत्रों में नियमित भ्रमण किया जा रहा है। इस दौरान अड्डेबाजी वाले स्थानों, सुनसान इलाकों तथा संदिग्ध गतिविधियों की आशंका वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
पेट्रोलिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक जमावड़ा लगाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य संभावित अपराधों पर समय रहते अंकुश लगाना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में अशांति फैलाने, कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा आम नागरिकों को परेशान करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस की आम नागरिकों से अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
धमतरी पुलिस ने दोहराया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है तथा आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है।
