मिशन ‘अव्वल’ के तहत 10वीं-12वीं परीक्षा परिणामों की समीक्षा, कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष फोकस
धमतरी/ 30 अक्टूबर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज डीपीएस स्कूल के सभाकक्ष में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक लेकर परीक्षा परिणामों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के परिणामों में गुणात्मक सुधार लाने के लिए योजनाबद्ध और समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
कलेक्टर ने मिशन “अव्वल” के तहत कक्षा 10वीं एवं 12वीं की त्रैमासिक परीक्षा के परिणामों की स्कूलवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि आगामी छमाही और बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए अभी से ठोस रणनीति बनाकर उस पर अमल किया जाए।
गुणवत्ता और जिम्मेदारी पर जोर
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि परीक्षा परिणाम सुधारना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
इसके लिए प्रत्येक शिक्षक और प्राचार्य को जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि —
-
कमजोर विद्यार्थियों के लिए अलग कक्षाएं लेकर नियमित मार्गदर्शन व अभ्यास कराया जाए।
-
मेधावी विद्यार्थियों को मेरिट लाने हेतु उच्चस्तरीय तैयारी कराई जाए।
-
विद्यालयों में सृजनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियाँ आयोजित की जाएँ, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई से जुड़ाव महसूस करें।
शिक्षण सुविधाओं का समुचित उपयोग आवश्यक
कलेक्टर ने कहा कि धमतरी जिले में शिक्षा की दृष्टि से बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
इनका समुचित उपयोग कर विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण तैयार किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित शिक्षक पर कार्यवाही की जाएगी।
जहां शिक्षकों की कमी है, वहाँ अन्य शिक्षकों को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी जाएगी।
शासनिक निर्देश और अनुशासन पर बल
कलेक्टर मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि —
-
कोई भी शिक्षक या प्राचार्य अवकाश पर जाने से पूर्व वरिष्ठ अधिकारी को सूचना अवश्य दें।
-
फरवरी माह तक संतान पालन अवकाश स्वीकृत नहीं किए जाएंगे, केवल अनिवार्यता की स्थिति में समिति विचार करेगी।
स्वास्थ्य, उपस्थिति और डिजिटल अपडेट
कलेक्टर ने कहा कि जो विद्यार्थी स्वास्थ्य कारणों से लंबे समय तक स्कूल नहीं आ पा रहे, उनके अभिभावकों से चर्चा कर चिरायु टीम के माध्यम से आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए।
सभी शासकीय और निजी विद्यालयों को अपार आईडी में 100% प्रविष्टि कार्य 10 दिनों में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्मार्ट शिक्षा और एलुमिनाई मीट पर जोर
कलेक्टर ने विद्यालयों में एलुमिनाई मीट अनिवार्य रूप से आयोजित करने और स्मार्ट बोर्ड का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों में कम्प्यूटर लैब की स्थापना की जाए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, डीएमसी अनुराग तिवारी, सूर्यवंशी, बीईओगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
