तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नितिन दुबे, राहुल बैंड और साधो बैंड की प्रस्तुति से सजेगी संध्या
धमतरी, 30 अक्टूबर 2025।छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय स्थित डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में 2 से 4 नवम्बर तक जिला स्तरीय राज्योत्सव 2025 का भव्य आयोजन किया जाएगा।
तीन दिवसीय यह उत्सव जिले की लोकसंस्कृति, लोककला, लोकनृत्य और संगीत परंपरा की सजीव झलक प्रस्तुत करेगा। कार्यक्रम में जिलेभर से विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय कलाकारों की सहभागिता रहेगी।
पहला दिन : नितिन दुबे का लाइव कार्यक्रम
राज्योत्सव का शुभारंभ 2 नवम्बर की संध्या 5 बजे होगा। आरंभ में भजन, सूफी और ‘जय गोविंदा’ जैसी आध्यात्मिक प्रस्तुतियाँ अनुज रॉक बैंड रायपुर द्वारा दी जाएंगी।
इसके बाद मांदरी नृत्य, गढ़िया बाबा नर्तक दल की लोक प्रस्तुति, एकलव्य विद्यालय पथर्रीडीह के छात्रों का गीत-नृत्य, पंथी नृत्य, पंडवानी एवं अन्य लोकनृत्य श्रृंखला दर्शकों को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति में सराबोर करेगी।
शाम 7 से 10 बजे तक लोकप्रिय गायक नितिन दुबे का लाइव कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेगा।

दूसरा दिन : सामाजिक संदेश और राहुल बैंड का धमाल
3 नवम्बर को कार्यक्रमों की शुरुआत स्वच्छता अभियान पर आधारित नृत्य-नाटिका से होगी।
सर गौरी शंकर श्रीवास्तव सेवा समिति, मानसिक दिव्यांग सेवा केंद्र, उन्नायक सेवा समिति, श्री बालाजी प्रशिक्षण केंद्र, ऐजेक्ट फाउंडेशन सहित अन्य संस्थाएं पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति जैसे सामाजिक विषयों पर प्रस्तुतियाँ देंगी।
इसके अलावा लोकनृत्य, कत्थक नृत्य और पंडवानी की आकर्षक प्रस्तुति होगी।
शाम 8 से 10 बजे तक राहुल बैंड अपने ऊर्जावान गीत-संगीत से माहौल को झूमाएगा।
तीसरा दिन : ‘आमचो बस्तर’ और साधो बैंड का सुरमयी समापन
4 नवम्बर को “आमचो बस्तर” शीर्षक के अंतर्गत एकलव्य आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह राज्य के गौरवशाली लोक जीवन को प्रदर्शित करेगा।
श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय, सेजस हटकेशर, कलेश्वरी साहू और आकाश गिरी गोस्वामी द्वारा नशा मुक्ति एवं सड़क सुरक्षा पर नाट्य प्रस्तुतियाँ होंगी।
कार्यक्रम का समापन सत्यभाम भारती की सनातनी प्रस्तुति और ब्राइट बैंड रायपुर के सुरमयी कार्यक्रम से होगा।
रात्रि 7 से 10 बजे तक प्रसिद्ध साधो बैंड अपनी संगीतमय प्रस्तुति के साथ राज्योत्सव का यादगार समापन करेगा।
प्रदर्शनी और सहभागिता
कार्यक्रम स्थल पर 26 विभागों की विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें शासन की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, जनसंपर्क विभाग एवं सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह उत्सव प्रदेश की समृद्ध लोक परंपरा, संस्कृति और एकता का जीवंत प्रतीक बनेगा।
