धमतरी/ 13 अक्टूबर ग्राम अछोटा में पोषण माह के तहत सोमवार को विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो, कांकेर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य पर फोकस किया गया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य एवं महिला बाल विकास समिति के सभापति कैलाश देवांगन रहे। कार्यक्रम में सरपंच सावित्रीबाई ढीमर, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर टिंकी साहू, स्वास्थ्य विभाग के द्वारिका साहू और आरएमए डॉक्टर डिंपी साहू भी उपस्थित थे।
महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ और पोषण पर प्रश्न मंच प्रतियोगिता हुई, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम में बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं का गोद भराई समारोह भी संपन्न हुआ।

स्वास्थ्य शिविर में 75 महिलाओं का हीमोग्लोबिन (एच.बी.) सहित अन्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पोषण स्टॉल के जरिए संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की जानकारी दी गई।
इस मौके पर जनपद सदस्य मोनिका देवांगन और अन्य जनप्रतिनिधियों ने पोषण जागरूकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में 30 आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता व सहायिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। संचालन वरिष्ठ कार्यकर्ता कला ध्रुव ने किया।
