धमतरी/ पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौकी बिरेझर पुलिस द्वारा ग्राम करगा स्थित हाई स्कूल में व्यापक जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणों को साइबर अपराध, यातायात नियम, नशामुक्ति तथा डायल-112 सेवा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को कानून, सुरक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
यातायात जागरूकता सत्र में हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई।

पुलिस ने नशामुक्ति पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों और ग्रामीणों को शराब, गांजा, नशीले पदार्थों एवं अन्य मादक द्रव्यों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की।
इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 सेवा का उपयोग कैसे किया जाए और किन परिस्थितियों में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है, इसकी भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज में भी इन जानकारियों को साझा करने तथा स्वयं जागरूक बनकर दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा कि उसका उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, जागरूकता और पुलिस के प्रति विश्वास का वातावरण स्थापित करना भी है। इसी उद्देश्य से जिले में सामुदायिक पुलिसिंग और जन-जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
