धमतरी/ पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 180 पौवा देशी शराब, तीन दोपहिया वाहन, एक मोबाइल सहित करीब 1.14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली एवं थाना अर्जुनी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अछोटा स्थित मंगलानी ढाबा और मामा ढाबा में बिक्री के लिए ले जाई जा रही अवैध शराब को जब्त किया।
पहला मामला
थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने विवेक देवांगन (21) निवासी राजीव नगर कांटीपारा अछोटा को सीटी-100 मोटरसाइकिल से 49 पौवा प्लेन सुपर देशी शराब ले जाते गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब मंगलानी ढाबा में बिक्री के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल सहित लगभग 28,920 रुपये की संपत्ति जब्त की।
दूसरा मामला
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने विक्की महार उर्फ विक्की रामटेके (20) निवासी नदियापारा अछोटा, जो मामा ढाबा का कर्मचारी है, को 31 पौवा देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से टीवीएस जुपिटर स्कूटी, ओप्पो मोबाइल और शराब सहित करीब 52,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

तीसरा मामला
थाना अर्जुनी पुलिस ने नगरी रोड पर घेराबंदी कर मंगलानी ढाबा के संचालक सतीश मंगलानी उर्फ विक्की मंगलानी (37) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 100 पौवा देशी प्लेन शराब और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 33 हजार रुपये बताई गई है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली और थाना अर्जुनी में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई का सार
गिरफ्तार आरोपी – 03
जब्त देशी शराब – 180 पौवा
जब्त दोपहिया वाहन – 03
जब्त मोबाइल – 01
कुल जब्त संपत्ति – लगभग ₹1,14,420
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और सख्ती से जारी रहेगा।
