धमतरी/ समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित विशेष विद्यालय ‘सार्थक स्कूल’ के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के विशेष छात्र सत्यांशु दीप का चयन Special Olympics Bharat की भारतीय फुटबॉल टीम में हुआ है। वे 12 से 16 जुलाई 2026 तक स्वीडन में आयोजित होने वाली Special Olympics Gothia Trophy 2026 अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सत्यांशु दीप की यह उपलब्धि केवल धमतरी जिले ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उचित प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और अवसर मिलें तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
विद्यालय परिवार की ओर से सरिता दोशी ने बताया कि सत्यांशु ने नियमित अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता अन्य विशेष बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
इस उपलब्धि पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सत्यांशु के उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की। साथ ही उनके माता-पिता को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए बधाई दी गई, जिनके निरंतर सहयोग और विश्वास ने सत्यांशु को इस मुकाम तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिले के लिए यह अत्यंत गौरव और खुशी का विषय है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित विशेष विद्यालय ‘सार्थक स्कूल’ के छात्र सत्यांशु दीप का चयन भारतीय फुटबॉल टीम में हुआ है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सत्यांशु की कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। कलेक्टर ने सत्यांशु, उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवार एवं समाज कल्याण विभाग को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे स्वीडन में आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत, छत्तीसगढ़ और धमतरी जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
उन्होंने कहा कि सत्यांशु की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती। उचित अवसर, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन मिलने पर विशेष बच्चे भी विश्व मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने सत्यांशु के उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
सत्यांशु दीप की यह उपलब्धि समावेशी शिक्षा, खेल संस्कृति तथा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में धमतरी जिले की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जिलेवासियों को विश्वास है कि वे स्वीडन में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत, छत्तीसगढ़ और धमतरी का गौरव विश्व मंच पर और अधिक ऊँचा करेंगे।
