धमतरी/ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिहावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 1.150 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा, नकदी और मोबाइल सहित कुल 49,650 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गिधावा में एक महिला अपने घर से अवैध रूप से गांजा बेच रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में महिला के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अंदर पलंग के नीचे रखे एक थैले से 1.150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गांजा रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर लिया।
तलाशी के दौरान गांजा बिक्री से प्राप्त 2,650 रुपये नकद और एक की-पैड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 49,650 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने ग्राम गिधावा निवासी 39 वर्षीय धनेश्वरी साहू, पति कोमल साहू, को गिरफ्तार कर थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में मामला दर्ज किया है। आरोपिया को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्रमुख जब्ती
- 1.150 किलोग्राम अवैध गांजा (अनुमानित कीमत 46,000 रुपये)
- एक की-पैड मोबाइल फोन (कीमत 1,000 रुपये)
- गांजा बिक्री से प्राप्त 2,650 रुपये नकद
- कुल जब्ती मूल्य : 49,650 रुपये
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन अथवा भंडारण की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
