धमतरी/ 13 अक्टूबर जिला पंचायत सभाकक्ष में सोमवार को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), महिला उद्यमियों, स्व-सहायता समूहों और पारंपरिक कारीगरों के लिए डिजिटल साक्षरता और मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। यह कार्यक्रम भारत सरकार की रैम्प योजना के तहत गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) टीम द्वारा आयोजित किया गया।
GeM रायपुर के वरिष्ठ सहायक निदेशक राकेश तिवारी ने GeM पोर्टल पर पंजीकरण, निविदा प्रक्रिया, उत्पाद कैटलॉग, लॉजिस्टिक्स और ऑनलाइन भुगतान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जेम प्लेटफॉर्म से जुड़कर उद्यमी सीधे सरकारी विभागों को अपना उत्पाद बेच सकते हैं।

डीटीआईसी के महाप्रबंधक प्रशांत चंद्राकर ने रैम्प योजना की जानकारी दी और बताया कि स्थानीय उत्पादों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और बिजनेस डेवलपमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स (BDSP) से जोड़ने पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकती है।
कार्यक्रम में 88 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें महिला उद्यमी, एसएचजी सदस्य, पारंपरिक कारीगर और शासकीय विभागों के अधिकारी शामिल रहे। अंत में प्रतिभागियों ने GeM पोर्टल, विपणन और योजनाओं से संबंधित सवाल पूछे, जिनके जवाब विशेषज्ञों ने दिए।
