धमतरी/ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में धमतरी विकासखंड के कोड़ेगांव मंडल अंतर्गत मोगरागहन (डूबान) गांव में पहली बार विजयादशमी उत्सव का आयोजन किया। संघ के इस ऐतिहासिक प्रवेश से गांव में उत्साह का वातावरण रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के पथ संचलन से हुई, जो गांव के मुख्य मार्गों, गली-मोहल्लों से होकर गुजरा। पुलिस प्रशासन ने भी इस दौरान पूरा सहयोग किया। गांव के रंगमंच परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में मंडल के समस्त गांवों से संघ के आत्मीय बंधु पहुंचे।
मुख्य अतिथि रमेश निषाद और अध्यक्ष राधेश्याम नेताम की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. हेडगेवार व श्री गुरुजी के चित्र पूजन तथा शस्त्र पूजन से किया गया।
मुख्य वक्ता मोहन लाल साहू (प्रांत सहसेवा प्रमुख) ने संघ की कार्यशैली, इतिहास और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ व्यक्तिगत नहीं, राष्ट्रीय चरित्र के निर्माण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति ही संघ का उद्देश्य है।

उन्होंने आपातकाल के समय संघ की भूमिका, समाज में एकजुटता, कुल देवी-देवता का सम्मान, पारंपरिक आहार-विहार व बोली-भाषा के संरक्षण पर जोर दिया। साथ ही शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ द्वारा निर्धारित सात सामाजिक कार्यक्रमों और पंच परिवर्तन पर जन संवाद की अपील की।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित रूप से ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ प्रार्थना व ‘भारत माता की जय’ के जयकारों के साथ सहभागिता की।
इस मौके पर रामभरोसा उईके, चंद्रहास साहू, जनक ठाकुर, नवरत्न गावड़े, शत्रुघ्न साहू, बालकृष्ण निषाद, रंजीत निषाद, परमानंद यादव, समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक व ग्रामवासी उपस्थित रहे।
खंड संचालक राधेश्याम नेताम, खंड कार्यवाह अजय साहू, सहकार्यवाह मनोहर लाल साहू, मंडल कार्यवाह हेमंत साहू, सहित हिन्दू जागरण मंच के संयोजक पुरुषोत्तम निषाद व चित्रेश साहू की भी सहभागिता रही।
समापन संघ प्रार्थना के साथ हुआ। आयोजन को गांववासियों ने अविस्मरणीय बताया।
