ग्राम चर्रा पहुंचे महादेव कावरे, फसल स्थिति का लिया जायजा, किसानों से की सीधी बातचीत
धमतरी/ 11 अक्टूबर संभागायुक्त महादेव कावरे ने शुक्रवार को कुरूद विकासखंड के ग्राम चर्रा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गिरदावरी कार्यों की समीक्षा की और फील्ड में जाकर फसल स्थिति, पंजीयन एवं खाद-बीज वितरण जैसी व्यवस्थाओं की हकीकत जानी।
पी.वी. ऐप से हो रहा डिजिटल सत्यापन
संभागायुक्त ने राज्य शासन द्वारा विकसित फिजिकल वेरिफिकेशन ऐप (P.V. ऐप) के माध्यम से चल रहे गिरदावरी सत्यापन कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर पटवारियों और राजस्व निरीक्षकों से डेटा एंट्री, पोर्टल अपडेशन और सत्यापन की विधियों की जानकारी ली।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए:
-
गिरदावरी में शुद्धता और पारदर्शिता हो सर्वोच्च प्राथमिकता।
-
फील्ड विज़िट कर किसानों से सीधे संवाद करें।
-
P.V. ऐप से सत्यापन की गति और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
-
किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई हो।
किसान से हुई सीधे संवाद
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने कृषक श्री मिश्रीलाल के खेत पहुंचकर फसल की स्थिति, पिछले धान विक्रय, खाद-बीज की उपलब्धता और संभावित उत्पादन को लेकर सीधी चर्चा की। उन्होंने योजनाओं के लाभ किसानों तक सही समय पर पहुंचने की आवश्यकता जताई।
अधिकारियों ने दी तकनीकी जानकारी
-
अपर कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख श्रीमती इंदिरा नवीन सिंह ने बताया कि गिरदावरी सत्यापन के लिए अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है और मोबाइल ऐप के जरिए तत्काल डिजिटल वेरीफिकेशन संभव हो रहा है।
-
तहसीलदार कुरूद श्रीमती दुर्गा साहू ने तहसील स्तर पर कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
-
राजस्व निरीक्षक श्री दीपचंद भारती ने ऐप की तकनीकी प्रक्रिया और फील्ड में आने वाली व्यवहारिक चुनौतियों की जानकारी दी।
संभागायुक्त का जोर – योजनाओं का लाभ सही किसान को मिले
कावरे ने कहा कि गिरदावरी कार्य कृषि से जुड़ा आधारभूत कार्य है। इसकी सटीकता से ही सरकार की किसान हितैषी योजनाएं समय पर और सही व्यक्ति तक पहुंच सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि डिजिटल तकनीक से पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
