धमतरी/ नगर निगम महापौर एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री रामू रोहरा धमतरी को उसका “विकास का हक” दिलाने के लिए खुद मैदान में उतर आए हैं। मंगलवार को उन्होंने आयुक्त प्रिया गोयल व निगम अधिकारियों के साथ बड़ी रेल लाइन निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया और रैक प्वाइंट (माल गोदाम) को धमतरी में ही बनाए जाने की घोषणा की।
महापौर रोहरा ने साफ कहा, “धमतरी का हक धमतरी को ही मिलेगा। वर्षों से प्रतीक्षित इस मांग को अब किसी और क्षेत्र में नहीं जाने दिया जाएगा।“ उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर रेलवे डीसीएम अवधेश त्रिवेदी से सकारात्मक चर्चा हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि माल गोदाम बनने से व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियाँ तेज़ होंगी, जिससे धमतरी की अर्थव्यवस्था को बड़ा बल मिलेगा। यह निर्णय न केवल आर्थिक दृष्टि से बल्कि स्थानीय रोज़गार और व्यापार को भी गति देगा।
जनता में जगी नई उम्मीद
रेल परियोजना का कार्य भले प्रगति पर हो, लेकिन रैक प्वाइंट की स्थिति को लेकर अब तक असमंजस था। महापौर के इस स्पष्ट और दृढ़ बयान के बाद अब जनता को भरोसा जगा है कि उनके सपने जल्द साकार होंगे।
विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “जनता को केवल वादों की नहीं, जमीन पर विकास की ज़रूरत है, और हम वही कर रहे हैं।”