धमतरी/मगरलोड। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में बड़े करेली और भेंडरी के बीच रविवार देर रात करीब 10:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हाईवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG 04 MJ 9331 नयापारा से मगरलोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से नयापारा की ओर जा रहे हाईवा क्रमांक CG 07 CQ 0283 से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों भारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर आपस में फंस गए।
बड़े करेली चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे ने बताया कि हादसे में ट्रक चालक उदल कुमार (31 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हाईवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़े करेली चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को अलग कराया और वाहनों में फंसे चालकों को बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल हाईवा चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं मृतक उदल कुमार के शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मगरलोड अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। दोनों भारी वाहनों की जोरदार भिड़ंत के कारण सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
