मुख्यमंत्री कॉन्फ्रेंस में धमतरी की सराहना, कलेक्टर ने टीम को दी बधाई
धमतरी/ 14 अक्टूबर धान खरीदी सीजन की तैयारी को लेकर कलेक्टर अभिनाश मिश्रा ने सोमवार को समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 नवंबर से शुरू होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। कलेक्टर ने कहा—“किसान हित सर्वोपरि है, कोई भी पात्र किसान धान विक्रय से वंचित न रहे।”
हर खरीदी केंद्र में हों ये व्यवस्थाएं:
-
स्वच्छता और पेयजल
-
छाया की व्यवस्था
-
बारदाना की उपलब्धता
-
तोलक कांटा और परिवहन सुविधा
-
कंट्रोल रूम की स्थापना
बिचौलियों पर रखें सख्त निगरानी
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से कहा कि बिचौलियों, कोचियों और अवैध धान परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जाए और आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में धमतरी की तारीफ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हाल ही में हुई कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में धमतरी जिले की सराहना की गई। जिले में:
-
विशेष पिछड़ी जनजाति कल्याण
-
महिला एवं बाल विकास
-
प्रधानमंत्री जनमन
-
जल जीवन मिशन
-
पीएम आवास योजना
-
पीएम सूर्यघर योजना
जैसी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की प्रशंसा मुख्यमंत्री ने की।
इस पर कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों और टीम को बधाई देते हुए कहा कि वे इसी समर्पण के साथ जनहित में कार्य करते रहें।

सड़कों और चौक-चौराहों की मरम्मत के निर्देश
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों की शीघ्र मरम्मत की जाए। साथ ही कोलियारी चौक, भखारा चौक, कुकरेल और सिहावा चौक जैसे स्थानों की सड़कों की सुधार कार्य तत्काल शुरू करने को कहा।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़क किनारे खड़े वाहनों और अवैध ढाबों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
संक्रामक रोगों पर अलर्ट – स्वास्थ्य विभाग को चेतावनी
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि मलेरिया या अन्य संक्रामक रोग की कोई भी सूचना मिले तो मरीज को तुरंत अस्पताल लाकर उचित उपचार सुनिश्चित किया जाए।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना पर विशेष जोर
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को एक उत्कृष्ट पहल बताया और कहा कि इसका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे:
-
शिविरों का आयोजन हो
-
व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए
-
एनआरएलएम व क्लस्टर फेडरेशन को वेंडर के रूप में पंजीकृत कर जोड़ा जाए
