राष्ट्रीय राजमार्गों पर घूम रहे गौवंश को गौठानों में किया जाएगा शिफ्ट
धमतरी/ 10 अक्टूबर जिले में घूमंतु गौवंशीय पशुधन की समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अर्धशासकीय पत्र जारी कर उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उनका कार्य रहेगा कि वे जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय और राजकीय राजमार्गों पर विचरण कर रहे पशुओं का बेहतर व्यवस्थापन करें।
इसके लिए समीपस्थ गौठानों को चिन्हांकित कर प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही गौसेवा से जुड़ी स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा ताकि कार्य में गति लाई जा सके।

WHO टीम ने की कलेक्टर से मुलाकात, सिकलसेल-एनीमिया पर की चर्चा
कमार जनजाति में स्वास्थ्य सुधार की पहल को सराहा
जिले में सिकलसेल और एनीमिया उन्मूलन को लेकर किए जा रहे प्रयासों का जायजा लेने आज विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की टीम धमतरी पहुंची। टीम ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से मुलाकात की और विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि कमार जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। एम्स रायपुर के साथ समन्वय कर इन क्षेत्रों को और अधिक सशक्त किया जा रहा है।
मुलाकात के दौरान टीम लीडर डॉ. ग्रेस, डॉ. दिलीप, डॉ. उरिया नाग एवं श्री कुमार गौरव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की और कुछ जरूरी सुझाव भी साझा किए।
