धमतरी/ 06 अक्टूबर ग्राम भटगांव रोड पर रविवार शाम हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के मामले में धमतरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी वाहन चालक सूर्यदेव अग्रवाल को गिरफ्तार कर गंभीर धाराओं में जेल भेज दिया है।
तीन लोगों को मारी ठोकर, एक की मौत
घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है। ग्राम भटगांव में दीदी की रसोई के सामने तेज़ रफ्तार में आ रही ईको वेन (क्रमांक CG-04-HC-0364) के चालक ने नशे की हालत में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े कांशीराम साहू (50 वर्ष, निवासी पेरवानी, बालोद) को टक्कर मार दी।
घटना के बाद भी चालक रुका नहीं, बल्कि घायल व्यक्ति को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। भागने के प्रयास में उसने देवांगन वस्त्रालय के सामने जीवनलाल चंद्राकर (53 वर्ष) और केराबाड़ी के पास साइकिल सवार घनश्याम नेताम को भी ठोकर मार दी।

तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कांशीराम साहू को मृत घोषित कर दिया।
आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
घटना के बाद धमतरी पुलिस ने मर्ग जांच के उपरांत आरोपी सूर्यदेव अग्रवाल (36 वर्ष) निवासी ग्राम खुंदनी, हाल निवासी रत्नाबांधा रोड, धमतरी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 125(7), एवं 201 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे
-
नशे की हालत में वाहन न चलाएँ।
-
सड़क पर चलते समय गति सीमा और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
-
लापरवाही किसी की जान ले सकती है।
पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
