90 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में किया नगर भ्रमण, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
भखारा/ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भखारा मण्डल द्वारा संघ के विजयादशमी उत्सव शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार, 5 अक्टूबर 2025 को मण्डल सह पथ संचलन का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में 90 स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए।
पथ संचलन की शुरुआत सरस्वती शिशु मंदिर, भखारा से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ भठेली गांव होते हुए रामलीला मैदान तक पहुंचा। नगरवासियों ने जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर पुष्प वर्षा की और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
संघ का उद्देश्य समाज को निकट से संघ की कार्यपद्धति व विचारों से अवगत कराना है ताकि राष्ट्र, समाज, परिवार और सनातन संस्कृति की रक्षा हेतु संघ की सोच को समझा जा सके।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिंझवार राम साहू (भठेली), मुख्य वक्ता पोषण साहू (जिला सामाजिक सद्भाव प्रमुख) तथा माननीय खण्ड संघचालक भागीरथी साहू (से.नि. कृषि विस्तार अधिकारी, गांतापार) मंचासीन रहे। मंडल के सभी ग्रामों से स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि “संघ देश का सबसे बड़ा निस्वार्थ संगठन है, जो संपूर्ण मानवता के कल्याण की भावना के साथ कार्य करता है। आज समाज को संघ के विचारों को समझने और आत्मसात करने की आवश्यकता है।”
मुख्य वक्ता पोषण साहू ने अपने वक्तव्य में संघ द्वारा संचालित “पंच परिवर्तन” अभियान व सामाजिक सद्भाव विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों को पारिवारिक जीवन में नैतिकता व सद्गुणों का पालन कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
कार्यक्रम में भखारा व भठेली क्षेत्र से बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। रामलीला मैदान में शस्त्र पूजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
