धमतरी | नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने गोकुलपुर चौक के पास एक युवक को गांजा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, बाइक और नगद समेत कुल ₹88,010 का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हनुमंत नगर रोड पर एक युवक अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और संजय सोनकर (25), निवासी रामपुर वार्ड को गांजा बेचते पकड़ा।

पुलिस ने मौके से 178 ग्राम गांजा (कीमत ₹1,700), हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (कीमत ₹85,000), इलेक्ट्रॉनिक तराजू (कीमत ₹800) और बिक्री की रकम ₹510 जब्त की।
आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 246/2025 दर्ज किया गया है। उस पर NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
“नशा मुक्त धमतरी” अभियान के तहत जिले में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों और विक्रेताओं पर सख्ती बढ़ा दी है।
